Trending News

परेशान लोग पूछ रहे, कब बनेगा स्थाई पुल

पुल है, लेकिन जर्जर और बीचों-बीच से धंसा हुआ। इसके बावजूद इसी पुल से हर वक्त छोटे-बड़े वाहन गुजरते रहते हैं। परिणाम कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना में बदल सकता है। यह हाल है उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर प्रखंड के काला नागिन इलाके का, जहां से होकर शेरवानी नदी बहती है। इसी शेरवानी नदी पर ये जर्जर पुल स्थित है। नदी के एक छोर पर काला नागिन स्टेट बैंक तो दूसरी छोर पर ग्राम पंचायत है। स्थानीय लोगों को अपने काम से बार-बार पुल से यातायात करना पड़ता है, पर पुल का हाल तो बेहाल है। लंबे समय से इलाके के लोग इस जर्जर पुल की जगह एक स्थाई सेतु की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थानीय लोगों की मांग पूरी नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों को खासकर बारिश के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नदी के दोनों तरफ के लोगों को काम के सिलसिले में नदी को पार करना पड़ता है। स्थानीय सदस्य हबीबुर्रहमान ने बताया कि उत्तरबंग विकास विभाग की तरफ से पुल के लिए मिट्टी जांच हुई थी, लेकिन जहां तक वे जानते हैं, फंड के अभाव में यह काम रुका हुआ है। इसके बावजूद गत पंचायत के समय यातायात के लिए एक काम चलाऊ पुल बनाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि यहां पुल का निर्माण जरूरी है, क्योंकि नदी के दोनों ओर लोगों का निवास है। पुल अगर बनता है, तो नदी के दोनों और के गांव के लोगों को सहूलियत होगी।

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिला गोरखा प्रतिनिधिमंडल

सिलीगुड़ी । दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट के नेतृत्व में आज गोरखा प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिला।

प्रतिनिधिमंडल में सांसद के अलावा क्रामाकपा नेता आरबी राई, जीएनएलएफ नेता मन घीसिंग, दार्जिलिंग के विधायक नीरज जिंबा, कर्सियांग के विधायक पीबी बजगई और कल्याण देवान शामिल थे। इन नेताओं ने दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों और रक्षा सेवाओं में गोरखा युवाओं की भर्ती के संबंध में रक्षा मंत्री के साथ चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय रक्षा मंत्री को गोरखा युवाओं को शैक्षेणिक छूट देने के लिए धन्यवाद दिया, साथ ही उनसे अनुरोध किया कि जलापहाड़ से आयोजित भर्ती रैलियों की आवृत्ति में वृद्धि की जाए, ताकि दार्जिलिंग पहाड़ी, तराई और डूआर्स से अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती का अवसर प्राप्त हो सके। यह भी अनुरोध किया गया कि जिस प्रकार सशस्त्र बलों की कुछ शाखाओं में जीटीए क्षेत्र के लोगों को छूट दी जाती है उसी तरह तराई और डूआर्स सहित पूरे देश के गोरखा को यह छूट मिले। सांसद ने दार्जिलिंग में सैनिक स्कूल की स्थापना में हो रही देरी के लिए भी रक्षा मंत्री के हस्तक्षेप की मांग की। बताया गया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधि मंडल के सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

सीमावर्ती इलाके में बीएसएफ कितनी चौकस । किन सामानों की हुई जब्ती, कौन हुआ गिरफ्तार — जाने।

सिलीगुड़ी। सीमा सुरक्षा बल, सीमान्त मुख्यालय उत्तर बंगाल एवं इसके अधीनस्थ बटालियनों के द्वारा सीमा पर लगातार चौकसी बरती जा रही है। बल के जवान बारिश के मौसम तथा विपरीत परिस्थितीयों में भी अनवरत सीमा की चैकसी में तैनात हैं। सीमान्त मुख्यालय उत्तर बंगाल के महानिरीक्षक श्री रवि गांधी के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल के सीमा पर तैनात जवानों की तत्परता पूर्ण कार्यवाही में दिनांक 02 से 07 अगस्त 2021 को तस्कर विरोधी अभियान के दौरान विभिन्न सीमा चौकियों के द्वारा 178 बोतल फेनसिडाईल, एम0 के0 डाईल, ईस्कफ कफ सिरप, 67 मवेशियों, 03 किलोग्राम गांजा तथा अन्य मिश्रित सामान को जब्त किया, जिसकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 10,48,060/- रुपये आँकी गयी है। तस्करों का उद्वेश्य फेनसिडाईल, एम0 के0 डाईल, ईस्कफ कफ सिरप, मवेशियों, गांजा तथा अन्य मिश्रित सामान को तस्करी द्वारा बंग्लादेश ले जाने का था।

उपरोक्त के अलावा, दिनांक 07 अगस्त 2021 को उत्तर बंगाल फ्रंटियर सीमा सुरक्षा बल के 175 वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के बहादुर जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी तस्कर मोहम्मद हाकिम (26 वर्ष) पुत्र जावेद अली निवासी गांव-मासुनगाॅव, पोस्ट आफिस-जीवनपुर, पुलिस स्टेशन-हरीपुर, जिला-ठाकुरगाॅव, बांग्लादेश को 100 बोतल फेनसिडाईल कफ सिरप तथा 01 मोबाईल फोन के साथ उस समय गिरफ्तार किया जब वह सीमा चौकी मकरहाट के इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक भारत से बांग्लादेश में फेनसिडाईल कफ सिरप की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ के दौरान, उसने खुलासा किया कि वह फेनसिडाईल कफ सिरप की तस्करी के इरादे से अंतर्राष्ट्रीय सीमा को पासकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया था। हाॅलांकि, सीमा सुरक्षा बल के सक्रिय और सतर्क जवानों ने उसे फेनसिडाईल कफ सिरप के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नजदीकी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया जायेगा।

पहाड़ की समस्याओं को ले सितंबर में केंद्र सरकार करेगी त्रिपक्षीय बैठक

सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की जनता के कल्याण के लिए एवं क्षेत्र की समस्याओं के स्थाई समाधान हेतु केंद्र सरकार सितंबर महीने में त्रिपक्षीय बैठक बुलाने जा रही है। इस संबंध में इस महीने सभी पक्षों को निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। शुक्रवार को दार्जिलिंग पहाड़ के विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों को लेकर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक की। बैठक में दार्जिलिंग के विधायक नीरज जिंबा, कर्सियांग के विधायक बीपी बजगई, क्रामाकपा प्रमुख आरबी राई, गोरामुमो प्रमुख मन घीसिंग एवं भाजपा नेता कल्याण देवान भी मौजूद थे। बैठक के बाद सांसद राजू बिष्ट ने दावा किया कि दार्जिलिंग पहाड़ सहित डूवार्स तराई की समस्याओं व उनके राजनीतिक समाधान को लेकर गृह मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही गोरखा जनगोष्ठियों के अनुसूचित जनजाति में शामिल करने पर भी बात हुई। केंद्र सरकार पहाड़ की समस्या के समाधान के लिए सितंबर महीने में त्रिपक्षीय बैठक बुलाने जा रही है। संभवत सितंबर महीने के पहले सप्ताह में बैठक होगी और इस बैठक के लिए विभिन्न दलों को 12 अगस्त तक निमंत्रण पत्र भेजा जा सकता है। ज्ञात हो कि पिछले साल भी केंद्र सरकार ने पहाड़ की समस्या को लेकर त्रिपक्षीय बैठक बुलाई थी, लेकिन राज्य सरकार ने इस बैठक में भाग नहीं लिया था, जिसके कारण बैठक विफल हो गई थी। पहाड़ की समस्या को लेकर इससे पहले भी कई बार त्रिपक्षीय बैठक हो चुकी है। 2011 में भी एक त्रिपक्षीय बैठक हुई थी, जिसके बाद गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन के गठन का निर्णय लिया गया था। लेकिन बाद के कुछ सालों में पहाड़ पर राजनैतिक अस्थिरताओं के चलते कुछ खास नहीं हो पाया था। इसी बीच पहाड़ की समस्या के समाधान की मांग को लेकर गत एक अगस्त से अखिल भारतीय गोरखा लीग के प्रतिनिधि अनशन पर बैठ गए थे, लेकिन अब केंद्र सरकार की इस पहल के बाद शुक्रवार को यह अनशन खत्म कर दिया है।

उत्तर बंगाल में बनेंगे 6 स्थाई कोविड अस्पताल

कूचबिहार। राज्य में कोरोना के हालात हालांकि कुछ सुधरे है, इसके बावजूद राज्य सरकार का स्वास्थ्य विभाग कोरोना की आने वाले तीसरी लहर के मद्देनजर पूरी तरह से तैयार दिख रहा है। अब उत्तर बंगाल में 6 स्थानों पर स्थाई कोविड अस्पताल बनाने की योजना स्वास्थ्य विभाग ने ली है। कूचबिहार में एक कार्यक्रम में भाग लेने आए जन स्वास्थ्य विभाग के उत्तर बंगाल के प्रभारी अधिकारी (ओएसडी) सुशांत राय ने इसकी जानकारी पत्रकारों को दी। श्री राय ने बताया कि कूचबिहार, अलीपुरद्वार, फालाकाटा, कालिमपोंग, रायगंज और मालदा में स्थाई कोविड अस्पताल बनाए जाएंगे। इन अस्पतालों में 100 बिस्तर मौजूद रहेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इन अस्पतालों में कोविड-19 का इलाज किया जाएगा। अस्पतालों के निर्माण में एक से डेढ़ वर्ष तक का समय लग सकता है। ज्ञात हो कि श्री राय कूचबिहार में कोरोना को लेकर आयोजित एक प्रशासनिक बैठक में भाग ले रहे थे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उत्तर बंगाल के कई अस्पतालों में ढांचागत विकास कर वहां कोविड रोगियों की चिकित्सा की जा रही है। इसके बावजूद छह स्थानों पर स्थाई कोविड-अस्पताल बनाने की परिकल्पना है और इस संबंध में योजना और लागत बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग से कहा गया है। ज्ञात हो कि राज्य में कोरोना की गति कुछ मंद पड़ी है, पर कोरोना खत्म नहीं हुआ है। करीब-करीब हर स्थानों पर कुछ लोग रोज नए सिरे से संक्रमित पाए जाते हैं। इनमें से अधिकतर ठीक भी हो रहे हैं, इसके बावजूद लोग कोरोना की तीसरी लहर को लेकर आशंकित है। इसी के चलते राज्य सरकार का स्वास्थ्य विभाग कोरोना से लड़ने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने दिए संकेत : राज्य में दुर्गापूजा के बाद खुल सकते है स्कूल

कोलकाता। देश में कोरोना के मामलों में लगातार कमी के चलते कई राज्यों में स्कूल कॉलेज खुलने शुरू हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में भी कोरोना के मामलों में कमी आई है, जिसके चलते आज राज्य सचिवालय नवान्न में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संकेत दिए हैं कि दुर्गा पूजा के बाद राज्य में वैकल्पिक दिनों में स्कूल कॉलेज खोले जा सकते हैं। राज्य में कोरोना महामारी के चलते पिछले साल से ही शिक्षा प्रतिष्ठान बंद पड़े हैं। आज कोरोना की तीसरी लहर को ले मुख्यमंत्री ने ग्लोबल एडवाइजरी कमेटी के सदस्यों के साथ राज्य सचिवालय में एक बैठक की। इस बैठक में नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत विनायक बनर्जी भी मौजूद थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना नियंत्रण में है। इसलिए पूजा के बाद कोरोना की परिस्थितियों का विश्लेषण कर वैकल्पिक दिनों में स्कूल कॉलेज खोलने पर विचार किया जाएगा। ज्ञात हो कि इससे पहले राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा था कि विद्यालय सही समय पर खुलेंगे। उन्होंने कहा था कि जब यह निर्धारित हो जाएगा, कि विद्यार्थी और स्कूल के शिक्षक तथा अन्य कर्मचारी किसी भी प्रकार के जोखिम में नहीं है, तब स्कूल खोले जाएंगे। कोरोना के चलते ही राज्य में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक की परीक्षाएं टाल दी गई थी और विद्यार्थियों के पिछले परीक्षाओं के अंक देखकर परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था। अब जबकि कोरोना के हालत राज्य में नियंत्रित होते से जान पड़ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बाद वैकल्पिक दिनों में स्कूल खोले जा सकते है। हालांकि इस पर विचार तब कोविड की परिस्थितियों की समीक्षा कर ही किया जाएगा।।

राहुल गांधी ने विपक्ष के नेताओ के साथ की बैठक, साइकिल से पहुंचे संसद

नई दिल्ली । पेगासस, महंगाई और कृषि कानून के मुद्दे पर आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्ष के साथ बैठक की। राहुल गांधी के निमंत्रण पर करीब 15 दलों के नेताओं ने आज इन मुद्दों पर बातचीत की। बैठक में राहुल गांधी के अलावा एनसीपी के प्रफुल पटेल, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा, शिवसेना के संजय राउत, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी सहित अन्य नेताओं ने भी भाग लिया। इस बैठक में राहुल गांधी ने सभी नेताओं से आह्वान किया कि उक्त मुद्दों पर हमें एकजुट होकर अपनी लड़ाई लड़नी है। अगर हम संगठित होंगे तभी हमारी आवाज ज्यादा बुलंद होगी। ज्ञात हो कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब पेगासस जासूसी कांड एवं अन्य मुद्दों को लेकर दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। विपक्षी दलों का कहना कि पेगासस कांड पर पहले चर्चा कराने के लिए सरकार तैयार हो, उसके बाद ही संसद का गतिरोध खत्म होगा। बैठक के बाद महंगाई आदि पर विरोध जताने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी सहित अन्य विपक्षी सांसद साइकिल से संसद भवन पहुंचे।

वैक्सीनेशन को लेकर न्यू प्रकाश नगर में दो दलों में वाद विवाद

सिलीगुडी। आज दिनांक 2 अगस्त 2021 को वार्ड नंबर 43 के न्यू प्रकाश नगर क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल के अंदर वैक्सीनेशन कैंप शुरू किया गया। इस क्षेत्र में यह पहला वैक्सीनेशन कैंप है। इस कैंप में काफी लोगों की भीड़ दिखाई दी। महिलाएं, पुरुष सभी वैक्सीन लगवाने के लिए आए हुए थे ।पूर्व पार्षद रागिनी सिंह का कहना था कि यहां पर टी.एम.सी. के कुछ लोगों और पुलिस द्वारा बुजुर्ग औरतों को हटा दिया गया जबकि वह रात 2:00 बजे से लाइन में लगी थी।उन्होंने यह भी कहा कि यह वैक्सीन 45 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए भी है, लेकिन उन महिलाओं को लाइन से क्यों बाहर निकाला गया ?उनके आरोपों की सत्यता जानने के लिए जब टी.एम.सी. के नेता मुन्ना प्रसाद से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि रागिनी सिंह और कुछ महिलाएं उस क्षेत्र में विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का काम करती है और उनके आरोप को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया मुन्ना प्रसाद का कहना था वैक्सीन सबको मिलेगा।रागिनी सिंह जो आरोप लगा रही है,वह बेबुनियाद है ।पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ और वैक्सीनेशन सुचारू रूप से होने लगा।

हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन से स्टोन चिप्स लदी पहली मालगाड़ी आज पड़ोसी देश बांग्लादेश के लिए रवाना हुई

हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल मार्ग पर हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन से स्टोन चिप्स लदी पहली मालगाड़ी आज पड़ोसी देश बांग्लादेश के लिए रवाना हुई। भारत तथा तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के बीच हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल मार्ग वर्ष 1965 तक सक्रिय था। बटवारे के दौरान यह कोलकता से सिलिगुड़ी तक ब्रॉड गेज रेल मार्ग का हिस्सा थी। बटवारे के बाद भी असम और उत्तर बंगाल तक रेल यात्रा के लिए तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के क्षेत्र से गुजरना पड़ता था। 1965 के युद्ध के प्श्चात भारत तथा तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के बीच सभी रेल मार्ग बंद कर दिये गये थे। वर्ष 2016 -2017 में भारतीय रेल के द्वारा चिलाहाटी बांग्लादेश के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए हल्दीबाड़ी स्टेशन भारत से बांग्लादेश की सीमा तक नई ब्रॉड गेज रेल लाईन के निर्माण की अनुमति प्रदान की गई थी। प्रधानमंत्री स्तर के द्विपक्षीय सम्मेलन के दौरान दोनो देशों के प्रधानमंत्रियों ने दिनांक 17 दिसंबर 2020 को हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल मार्ग का उदघाटन किया था। हालाॅकी कोरोना महामारी के कारण तब से इस रेल मार्ग पर नियमित रेल सेवा आरंभ नहीं की जा सकी थीं। हल्दीबाड़ी-चिलाहाटी रेल मार्ग पश्चिम बंगाल, असम, नेपाल तथा भुटान से बांग्लादेश के लिए सामाग्रीयों के परिवहन के लिए संक्षिप्त मार्ग प्रदान करेगा। क्षेत्रिय व्यापार के विकास में सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र के आर्थिक तथा सामाजिक विकास में बढ़ावा देने के लिए यह रेल मार्ग मुख्य बंदरगाहों तथा भू-सीमाओं तक रेल नेटवर्क के पहुॅच में सहयोग करेगा। इस नये रेल मार्ग से दक्षिण एशिायाई देशों के साथ व्यापार तथा आर्थिक क्रियाकलाप में भी सहयोग मिलेगा। इस ऐतिहासिक मौके पर रेलवे प्रशासन सीमा सुरक्षा बल की ओर से बल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

ईस्ट बेंगाॅल क्लब का 102वां स्थापना दिवस मनाया गया

सिलीगुडी। ईस्ट बेंगाॅल द हर्ट आॅफ सिलीगुडी नामक संस्था की तरफ से आज सिलीगुडी के कंचनजंघा स्टेडियम के सामने ईस्ट बेंगाॅल क्लब का 102वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर भारी संख्या में फुटबाॅल प्रेमी व ईस्ट बंगाल क्लब के समर्थक उपस्थित थे। कार्यक्रम में सिलीगुडी नगरनिगम के प्रशासकमंडली के चेयरमैन गौतम देव, बंगरत्न टेबल टेनिस कोच भारती घोष, मान्तू घोष एवं ईस्ट बेंगाॅल द हर्ट आॅफ सिलीगुडी संस्था के महासचिव अनूप बसु एवं संस्था के अन्य सचिव भी मौजूद थे। ईस्ट बेंगाॅल क्लब के 102वें स्थापना दिवस के मौके पर पहले ध्वजारोहण किया गया साथ ही केक भी काटा गया। संगठन की तरफ से सिलीगुडी के कुछ क्लबों के सदस्यों में जर्सी का वितरण भी किया गया। ईस्ट बेंगाॅल द हर्ट आॅफ सिलीगुडी संस्था के महासचिव अनूप बसु ने कहा कि ईस्ट बेंगाॅल एक लडाई का नाम है और जल्द ही यह क्लब अपने बुरे दिन से उबर जायेगा।