Hindi Article

खोरीबाडी में दूआरे सरकार शिविर का आयोजन

खोरीबाड़ी । राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का महत्वाकांक्षी अभियान दूआरे सरकार कार्यक्रम शिविर का आयोजन खोरीबाड़ी हिन्दी हाई स्कूल में किया गया । शिविर में लक्खी भंडार, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, कृषक बंधु, जॉब कार्ड सहित अन्य स्टॉल शिविर लगाए गए । इस शिविर में अंचल के काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर इसकी सेवा ली। वहीं इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस प्रखंड चेयरमैन वासुदेव राय, अंचल अध्यक्ष उपासू सिंह, युवा प्रखंड अध्यक्ष किशोरी मोहन सिंह, तृणमूल छात्र परिषद प्रखंड चेयरमैन अरिजीत देवनाथ सहित अन्य कार्यकर्ता भी जनता के सेवा में उपस्थित थे । युवा अध्यक्ष किशोरी मोहन सिंह ने बताया दूआरे सरकार कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन कर लोगों की समस्याओं का हल किया जा रहा है । उन्होने बताया कार्यकर्ता भी जनता की सेवा में जुटे हुए हैं ।

आसमान में उड़ान को परिंदे हुवे आजाद

देखने में बहुत ही आकर्षक होते है तोते। आकाश में उड़ते ये आजाद परिंदे बरबस ही लोगों का मन मोह लेते हैं।

दुर्भाग्य की बात यह है की कुछ लोग इन्हें पिंजरे में कैद कर रखते हैं। पिछले कुछ महीनों में उत्तर बंगाल में अचानक तोतों की तस्करी बहुत ज्यादा बढ़ गई है,यह भी चिंता का विषय है। कुछ गिरोह इस क्षेत्र में सक्रिय हैं, जो पता नहीं क्यों इन निरीह पक्षियों की तस्करी में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज वैकुंठपुर फॉरेस्ट डिविजन के सारूगाड़ा रेंज के वनकर्मियों ने दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जो तोते की तस्करी कर रहे थे। गुप्त सूत्रों से जानकारी पा फूलबाड़ी कैनल रोड इलाके में वन कर्मियों ने अभियान चलाया और तस्करों के चंगुल से 55 तोतों को रिहा करवाया। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम दिनेश दास और सज्जाद आलम है। ये दोनों बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। वन अधिकारियों के अनुसार ये तोते मालबाजार से बिहार तस्करी के मार्ग पर थे लेकिन वन कर्मियों के प्रयासों से इन तोतों को बचा लिया गया। इसी बीच पर्यावरण और वन्यजीव प्रेमियों ने क्षेत्र में तोतों की तस्करी पर चिंता जताई है। ज्ञात हो कि हाल ही में दो-दो बार कोलकाता जोगबनी एक्सप्रेस से रेलवे पुलिस बल ने भारी संख्या में तोतों को तस्करों के चंगुल से बचाया था। जलपाईगुड़ी जिले के गौरूमारा वन विभाग के कर्मियों ने गोरुधोरा इलाके से 60 तोतों को छुड़ाया था। इसके बाद सिलीगुड़ी संगलग्न फूलबाड़ी इलाके से आज 55 तोते बचाए गए हैं। जिन लोगों को मामले में गिरफ्तार किया गया है, उन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। घटना की जांच शुरू हो गई है। आजाद परिंदे पिंजरे में अच्छे नहीं लगते। जो लोग इनकी तस्करी में लगे हुए हैं उन्हें सजा मिले, यह सब चाहते हैं।

ट्रेन के अंदर चढ्ढी बनियान में घूम रहे थे विधायक, हो गया हंगामा

पटना । जनता दल यूनाइटेड के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर वायरल हुई है, जिसमें वे ट्रेन के अंदर अंडरवियर और बनियान पहने दिख रहे हैं। आरोप हैं कि उनकी इस हरकत पर जब ट्रेन के अंदर उनके सहयात्रियों ने आपत्ति जताई, तो विधायक ने उन्हें देख लेने की धमकी दी। खबर है कि गोपाल मंडल पटना दिल्ली तेजस ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। जब वे ट्रेन के अंदर बनियान और अंडरवियर में ही घूम रहे थे तो उनके सहयात्री ने उन्हें टोका। एक सहयात्री प्रहलाद पासवान ने विधायक से कहा कि ट्रेन में महिलाएं भी है, आप जनप्रतिनिधि हैं ऐसा आप नहीं कर सकते। इस पर गुस्से में विधायक ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें गालियां देते हुवे देख लेने की धमकी दी। बाद में ट्रेन के अन्य यात्रियों और टीटी ने आकर मामले को शांत कराया। इस घटना में जहां सहयात्री ने आरपीएफ में विधायक की शिकायत की, वहीं आरपीएफ ने विधायक का कोच बदल दिया। सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल होने के बाद आरजेडी विधायक तेज प्रताप यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग की है कि उन्हें पार्टी से तुरंत बाहर किया जाए।

बड़ी संख्या में मवेशी, फेनसिडाईल, एम के डाईल, गांजा और अन्य विविध वस्तुओं की जब्ती

पश्चिम बंगाल के भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात उत्तर बंगाल सीमा सुरक्षा बल के अंतर्गत सीमा प्रहरियों ने उत्तर बंगाल फ्रंटियर सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक श्री रवि गांधी के नेतृत्व में सीमा पर लगातार चौकसी बरती जा रही है । दिनांक 22 से 23 अगस्त 2021, राष्ट्र विरोधी तत्वों के तस्करी और घुसपैठ के नापाक इरादों को विफल करते हुए, उत्तर बंगाल फ्रंटियर के सीमा प्रहरीयों ने अपने-अपने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष तस्करी विरोधी अभियान चलाया तथा विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मवेशी कुल 66 मवेशी, 125 बोतल फेनसिडाईल, 100 बोतल एम के डाईल, 05 किलोग्राम कैनबिस (गांजा) और अन्य विविध वस्तुएं जब्त किये। जब्त किए गए वस्तुएं की कुल कीमत रू.7,08,835/- आकीं गई है। उपरोक्त वस्तुओं को सीमा सुरक्षा बल के सीमा प्रहरीयों ने उस समय जब्त किया, जब तस्करों ने इन वस्तुओं को भारत से बांग्लादेश ले जाने की कोशिश कर रहे थे।

एनएच 10 पर भूस्खलन, यातायात थमा

सिलीगुड़ी। लगातार बारिश के चलते पहाड़ पर फिर भूस्खलन हुआ है। राजमार्ग पर भूस्खलन के चलते सिलीगुड़ी के साथ सिक्किम का कनेक्शन संपर्क टूट गया है।

गुरुवार सुबह सिलीगुड़ी से सिक्किम जाने वाले 10 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की बड़ी घटना घटी। सेवक के कोरोनेशन बृज के पास सेवक व कालिझोरा के बीच हाथीशूंड इलाके में भूस्खलन की घटना घटी है। इसके चलते सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। खबर मिलते ही बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन, दमकल विभाग एवं आपदा राहत दल के साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह से ही भूस्खलन का मलवा हटाने का काम जारी है। दो जेसीबी को मलवा हटाने के काम में लगाया गया है। यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।

अंतरिक्ष में भारत की एक और छलांग, कल EOS-03 का अंतरिक्ष में प्रक्षेपण

श्रीहरिकोटा । आने वाले15 अगस्त, रविवार को पूरा देश आजादी की वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी आईएसआरओ अंतरिक्ष अनुसंधान के मामले में एक और इतिहास रचने वाला है। गुरुवार को इसरो ईओएस- 03 उपग्रह का प्रक्षेपण करने वाला है। यह उपग्रह देश में आने वाली बाढ़ और चक्रवात जैसी आपदाओं के निगरानी कर पाएगा। इसरो की तरफ से ट्वीट करके बताया गया है कि जियोसिंक्रोनस सैटलाइट लॉन्च व्हीकल एफ 10 ईओएस 03 के प्रक्षेपण के लिए सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा से काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 12 अगस्त को सुबह 5:43 मिनट पर इस उपग्रह का प्रक्षेपण किया जाना है। हालांकि सबकुछ मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। इस उपग्रह कि खासियत है कि एक दिन में पूरे देश की चार पांच बार तस्वीर लेगा जो मौसम और पर्यावरण परिवर्तन से संबंधित डाटा भेजेगा। यह उपग्रह भारतीय उपमहाद्वीप में बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं का करीब-करीब सटीक समय का पता लगाने में सक्षम होगा।

आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिमी मेदिनीपुर के बाढ़ प्रभावित घटाल नामक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि घटाल की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यहां के लोगों को हर साल पानी की कमी से जूझना पड़ता है और केंद्र सरकार को इस क्षेत्र के लिए मास्टर प्लान बनाना चाहिए ।  ऐसी स्थिति से निजात पाने के लिए केंद्र सरकार को घटाल मास्टर प्लान जल्द से जल्द लागू करना चाहिए ,जबकि केंद्र सरकार इस पर कोई पहल नहीं कर रही है।संसद में बार-बार आवाज उठाने पर भी केंद्र सरकार इस पर कोई कार्य नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता और सेवा प्रदान कर रही है। उन्होंने वहां के लोगों से भी मुलाकात की उन्होंने राहत शिविरों का भी दौरा किया और अधिकारियों को हर संभव मदद प्रदान करने का आदेश दिया वे श्री श्री अनुकूल ठाकुर के आश्रम में भी गई और श्रद्धांजलि भी दी।

सीमावर्ती इलाके में बीएसएफ कितनी चौकस । किन सामानों की हुई जब्ती, कौन हुआ गिरफ्तार — जाने।

सिलीगुड़ी। सीमा सुरक्षा बल, सीमान्त मुख्यालय उत्तर बंगाल एवं इसके अधीनस्थ बटालियनों के द्वारा सीमा पर लगातार चौकसी बरती जा रही है। बल के जवान बारिश के मौसम तथा विपरीत परिस्थितीयों में भी अनवरत सीमा की चैकसी में तैनात हैं। सीमान्त मुख्यालय उत्तर बंगाल के महानिरीक्षक श्री रवि गांधी के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल के सीमा पर तैनात जवानों की तत्परता पूर्ण कार्यवाही में दिनांक 02 से 07 अगस्त 2021 को तस्कर विरोधी अभियान के दौरान विभिन्न सीमा चौकियों के द्वारा 178 बोतल फेनसिडाईल, एम0 के0 डाईल, ईस्कफ कफ सिरप, 67 मवेशियों, 03 किलोग्राम गांजा तथा अन्य मिश्रित सामान को जब्त किया, जिसकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 10,48,060/- रुपये आँकी गयी है। तस्करों का उद्वेश्य फेनसिडाईल, एम0 के0 डाईल, ईस्कफ कफ सिरप, मवेशियों, गांजा तथा अन्य मिश्रित सामान को तस्करी द्वारा बंग्लादेश ले जाने का था।

उपरोक्त के अलावा, दिनांक 07 अगस्त 2021 को उत्तर बंगाल फ्रंटियर सीमा सुरक्षा बल के 175 वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के बहादुर जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी तस्कर मोहम्मद हाकिम (26 वर्ष) पुत्र जावेद अली निवासी गांव-मासुनगाॅव, पोस्ट आफिस-जीवनपुर, पुलिस स्टेशन-हरीपुर, जिला-ठाकुरगाॅव, बांग्लादेश को 100 बोतल फेनसिडाईल कफ सिरप तथा 01 मोबाईल फोन के साथ उस समय गिरफ्तार किया जब वह सीमा चौकी मकरहाट के इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक भारत से बांग्लादेश में फेनसिडाईल कफ सिरप की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ के दौरान, उसने खुलासा किया कि वह फेनसिडाईल कफ सिरप की तस्करी के इरादे से अंतर्राष्ट्रीय सीमा को पासकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया था। हाॅलांकि, सीमा सुरक्षा बल के सक्रिय और सतर्क जवानों ने उसे फेनसिडाईल कफ सिरप के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नजदीकी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया जायेगा।

पहाड़ की समस्याओं को ले सितंबर में केंद्र सरकार करेगी त्रिपक्षीय बैठक

सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की जनता के कल्याण के लिए एवं क्षेत्र की समस्याओं के स्थाई समाधान हेतु केंद्र सरकार सितंबर महीने में त्रिपक्षीय बैठक बुलाने जा रही है। इस संबंध में इस महीने सभी पक्षों को निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। शुक्रवार को दार्जिलिंग पहाड़ के विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों को लेकर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक की। बैठक में दार्जिलिंग के विधायक नीरज जिंबा, कर्सियांग के विधायक बीपी बजगई, क्रामाकपा प्रमुख आरबी राई, गोरामुमो प्रमुख मन घीसिंग एवं भाजपा नेता कल्याण देवान भी मौजूद थे। बैठक के बाद सांसद राजू बिष्ट ने दावा किया कि दार्जिलिंग पहाड़ सहित डूवार्स तराई की समस्याओं व उनके राजनीतिक समाधान को लेकर गृह मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही गोरखा जनगोष्ठियों के अनुसूचित जनजाति में शामिल करने पर भी बात हुई। केंद्र सरकार पहाड़ की समस्या के समाधान के लिए सितंबर महीने में त्रिपक्षीय बैठक बुलाने जा रही है। संभवत सितंबर महीने के पहले सप्ताह में बैठक होगी और इस बैठक के लिए विभिन्न दलों को 12 अगस्त तक निमंत्रण पत्र भेजा जा सकता है। ज्ञात हो कि पिछले साल भी केंद्र सरकार ने पहाड़ की समस्या को लेकर त्रिपक्षीय बैठक बुलाई थी, लेकिन राज्य सरकार ने इस बैठक में भाग नहीं लिया था, जिसके कारण बैठक विफल हो गई थी। पहाड़ की समस्या को लेकर इससे पहले भी कई बार त्रिपक्षीय बैठक हो चुकी है। 2011 में भी एक त्रिपक्षीय बैठक हुई थी, जिसके बाद गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन के गठन का निर्णय लिया गया था। लेकिन बाद के कुछ सालों में पहाड़ पर राजनैतिक अस्थिरताओं के चलते कुछ खास नहीं हो पाया था। इसी बीच पहाड़ की समस्या के समाधान की मांग को लेकर गत एक अगस्त से अखिल भारतीय गोरखा लीग के प्रतिनिधि अनशन पर बैठ गए थे, लेकिन अब केंद्र सरकार की इस पहल के बाद शुक्रवार को यह अनशन खत्म कर दिया है।

वैक्सीनेशन को लेकर न्यू प्रकाश नगर में दो दलों में वाद विवाद

सिलीगुडी। आज दिनांक 2 अगस्त 2021 को वार्ड नंबर 43 के न्यू प्रकाश नगर क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल के अंदर वैक्सीनेशन कैंप शुरू किया गया। इस क्षेत्र में यह पहला वैक्सीनेशन कैंप है। इस कैंप में काफी लोगों की भीड़ दिखाई दी। महिलाएं, पुरुष सभी वैक्सीन लगवाने के लिए आए हुए थे ।पूर्व पार्षद रागिनी सिंह का कहना था कि यहां पर टी.एम.सी. के कुछ लोगों और पुलिस द्वारा बुजुर्ग औरतों को हटा दिया गया जबकि वह रात 2:00 बजे से लाइन में लगी थी।उन्होंने यह भी कहा कि यह वैक्सीन 45 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए भी है, लेकिन उन महिलाओं को लाइन से क्यों बाहर निकाला गया ?उनके आरोपों की सत्यता जानने के लिए जब टी.एम.सी. के नेता मुन्ना प्रसाद से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि रागिनी सिंह और कुछ महिलाएं उस क्षेत्र में विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का काम करती है और उनके आरोप को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया मुन्ना प्रसाद का कहना था वैक्सीन सबको मिलेगा।रागिनी सिंह जो आरोप लगा रही है,वह बेबुनियाद है ।पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ और वैक्सीनेशन सुचारू रूप से होने लगा।