Blogs

15 जुलाई तक लाॅकडाउन जारी

15 जुलाई तक लाॅकडाउन बढ़ाया गया
कोलकाता। सरकार द्वारा चलाई जाने वाली सरकारी बसें, निजी बसें व सार्वजनिक-निजी बसें 50 प्रतिशत यात्रियों को ले जा सकेंगी। हालांकि, फिलहाल लोकल ट्रेनों पर पाबंदियां रहेंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक लाॅकडाउन जारी रहेगा।
आज मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 50 फीसदी ग्राहकों के साथ सैलून, पार्लर सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खोले जा सकेंगे। सब्जी और मछली बाजार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुले रहेंगे। अन्य सभी दुकानें सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुली रखी जा सकती हैं। 50 प्रतिशत लोगों के साथ जिम खोला जा सकता है। तत्काल जरूरतों को छोड़कर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रतिबंद्ध लागू रहेगा। सभी निजी कार्यालय 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ खोले जा सकते हैं। सभी निजी कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रखे जा सकेंगे। कंपनी को कर्मचारियों के परिवहन की व्यवस्था खुद करनी होगी। कुछ रियायतों के साथ स्थिति को देखते हुए अगला कदम उठाया जाएगा।
फर्जी आईएएस देबंजन देब के फर्जी टीकाकरण शिविर के बारे में पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, जो लोगों की जान से खेलते हैं, वे आतंकवादियों से भी ज्यादा खतरनाक होते हैं। राज्य में 21 मिलियन लोग पहले ही कोरोना वैक्सीन प्राप्त कर चुके हैं। फोटो दिखाकर ठगी करने वालों को छूट नहीं दी जाएगी। तस्वीरों का इस्तेमाल करना धोखेबाजों का काम है। धोखेबाज की मदद करने वालों को भी नहीं छोड़ा जायेगा।

विदेश जाने की तैयारी करने वाले यात्रियों की चिंता बढ़ी

नई दिल्ली । देश में कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए तेजी से कोविड टीकाकरण अभियान चल रहा है। देश में अधिकतर लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन दी जा रही है, लेकिन इससे जुड़ी एक खबर ने विदेश जाने की तैयारी करने वाले यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, कोविशील्ड को अभी कई देशों ने अपने यहां मान्यता नहीं दी है। वहीं कोविशील्ड वैक्सीन लगवाने वाले यात्रियों को यूरोपीय संघ के देश अपने यहां आने की इजाजत नहीं देंगे। यूरोपीय संघ के कई सदस्य देशों ने डिजिटल वैक्सीन पासपोर्ट जारी करना शुरू कर दिया है, जो यूरोपीय लोगों को काम या पर्यटन के लिए स्वतंत्र रूप से आने-जाने की अनुमति देगा। वैक्सीन पासपोर्ट इस बात के प्रमाण के रूप में काम करेगा कि किसी व्यक्ति को कोरोना वायरस से प्रतिरक्षा देने वाला टीका लग गया है। यूरोपीय संघ ने पहले कहा था कि सदस्य देशों को कोविड-19 वैक्सीन के प्रकार की परवाह किए बिना प्रमाण पत्र जारी करना चाहिए, लेकिन ‘ग्रीन पास’ की तकनीकी विशिष्टताओं से संकेत मिल रहे हैं कि यह ईयू-व्यापी विपणन प्राधिकरण से प्राप्त करने वाले कोविड टीकों तक ही सीमित होगा।

राजीब बनर्जी राजनीति में तलाश रहे रास्ते!

कोलकाता। राजनीति में धैर्य की महिमा बड़ी है। कहा भी जाता है कि यदि आप में धैर्य नहीं है तो आप राजनीति में न आएं। बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस से कई नेता दल बदलते हुए बीजेपी मेें शामिल हो गये थे। अब वही नेता फिर से तृणमूल में आने की जुग्गत में हैए लेकिन पार्टी का दरवाजा उनके लिए बंद कर दिया गया है।  विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले राज्य के पूर्व मंत्री राजीब बनर्जी का समय उनका साथ नहीं दे रहा है। तभी तो पहले वह तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष से मुलाकात किये। इसके बाद पार्टी के महासचिव और शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के घर जाकर भी उनसे भेंट की थी। इसके बाद उनके तृणमूल में वापसी की अटकलें तेज हो गयी थीं। लेकिन लगता है काम बनते बनते रह गया। आखिरकार उन्होंने भाजपा नेतृत्व को दो पत्र भेजे हंै। इसमें उन्होंने लिखा है कि उनके इलाके डोमजूर में चुनाव बाद हिंसा के शिकार कई लोग अभी भी घर से लापता हैं। उन्हें घर लौटाने के लिए भाजपा नेतृत्व की मदद उन्होंने मांगी है। उन्होंने पहली चिट्ठी राज्य के महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती को और दूसरी सह सचिव प्रताप बनर्जी को लिखी है।
अब माना जा रहा है कि इसके जरिए वह एक बार फिर पार्टी नेतृत्व को यह संकेत देने की कोशिश की है कि वह पार्टी से दूर नहीं होना चाहते हैं। इधर भाजपा सूत्रों ने भी बताया है कि आगामी 29 जून को कोलकाता में भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक होनी है। उसमें राजीब बनर्जी को भी आमंत्रित किया जाएगा। अब देखना है कि कार्यकारिणी की बैठक के बाद भाजपा उन्हें कितना महत्व देती है।

फर्जी टीकाकरण घोटाले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग

कोलकाता। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय एजेंसी से टीकाकरण घोटाले की जांच कराने की मांग की है। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को पत्र लिखकर मांग किया है कि दक्षिण कोलकाता के कसबा टीकाकरण घोटाले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। उन्होंने पत्र में लिखा है कि देवांजन देव नाम के एक व्यक्ति ने खुद को कोलकाता नगर निगम का संयुक्त आयुक्त बताकर कसबा के वार्ड नंबर 107 में केएमसी के बैनर तले अवैध टीकाकरण शिविर लगाया। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार देवांजन देव ने कोलकाता नगर निगम के संयुक्त आयुक्त के नाम पर विभिन्न स्थानों पर फर्जी टीकाकरण शिविर लगाये। भाजपा नेता ने कहा कि इस बात की पुष्टि करना आवश्यक है कि फर्जी टीकाकरण शिविर में कोविशिल्ड के नाम पर नकली वैक्सीन दी गयी है या नहीं।

देवांजन ने अपने करीबियों को भी फर्जीवाड़े का शिकार बनाया

कोलकाता। फर्जी वैक्सीन की शिकार सिर्फ सांसद मिमी चक्रवर्ती नहीं हुई बल्कि देवांजन ने अपने करीबियों को भी इस फर्जीवाड़े का भुक्तभोगी बनाया है। देबांजन ने लोगों को बेवकूफ ही नहीं बनाया बल्कि कोरोना महामारी जैसी आपदा में लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। उसने अपनों को भी नहीं बक्शा है। अपने कैंप में देबांजन ने कई करीबियों को भी वैक्सीन लगवायी थी जिसका मैसेज तक उनके फोन में नहीं आया था। आरोपों को देखे तो साफ दिखता है कि देबांजन स्थितियों से परिचित था उसे मालूम था वह जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहा है। अब जब सब सामने आ गया है तो देबांजन के वे दोस्त जिन्होंने भरोसे पर उसके कैंप में जाकर वैक्सीन लगवायी थी उनमें आतंक, डर के साथ गुस्सा और नफरत है। कसबा के फर्जी वैक्सिनेशन ड्राइव में देबांजन ने अपने कुछ दोस्तों को भी वैक्सीन लगवायी थी। जानकारी के अनुसार देबांजन के ऐसे चार परिचित थे जिन्होंने वहां वैक्सिनेशन करवाया था। उनके मोबाइल पर काफी समय तक जब मैसेज नहीं आया तो उन लोगों ने देबांजन को इस बात की जानकारी दी। जवाब में देबांजन ने कहा कि चिंता करने की बात नहीं है। जल्द मोबाइल पर मैसेज आ जाएगा। चूंकि देबांजन उनका दोस्त था, इसलिए भरोसे पर आकर उन लोगों ने अपनी शंका को दरकिनार कर दिया।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस पर रोपे गये पौधे

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस के अवसर पर सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला की ओर से फांसीदेवा व माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में 800 पौधे रोपे गए। फाँसीदेवा के बीजेपी विधायक श्री दुर्गा मुर्मू, राष्ट्रीय परिषद सदस्य गणेश देबनाथ, जिला महासचिव मनोरंजन मंडल, उपाध्यक्ष श्रीमती बानी पाल और सचिव साम्य मुखर्जी इस मौके पर उपस्थित थे।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर बंगाल में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गयी है। बंगाल की खाड़ी से निम्न दबाव को देखते हुए 27-29 जून के दौरान जोरदार बारिश के साथ उत्तर बंगाल के जिलों में नदियों के पानी से स्थिति खराब हो सकती है। उत्तर बंगाल के जिलों में 30 जून से 3 जुलाई के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। इससे नदियों का जलस्तर बढ़ जायेगा और ग्रामीण जीवन को नुकसान पहुंचेगा। इतना ही नहीं इससे दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में भूस्खलन के खतरे की प्रबल संभावना है। वहीं नगर क्षेत्र और निचले इलाकों में जलजमाव के खतरे होंगे।

फर्जी वैक्सीन कांड की शिकार मिमी चक्रवर्ती हुई बीमार

बांग्ला फिल्म अभिनेत्री व तृणमूल कांग्रेस सांसद मिमी चक्रवर्ती बीमार हो गयी हैं। उनके पेट में दर्द है। मिमी को पहले से ही गॉल ब्लैडर की समस्या थी। डॉक्टर आज सुबह उनके घर आए और उनकी जांच की। मिमी चक्रवर्ती का घर पर इलाज चल रहा है। अभिनेत्री के जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि बीमारी के चलते मिमी चक्रवर्ती के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। वह आज नकली वैक्सीन पर अपनी वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में बात करने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही बीमार हो गयीं।
दरअसल मिमी चक्रवर्ती कस्बा में नकली वैक्सीन की शिकार हो चुकी हैं। एक्ट्रेस व सांसद ने बीते मंगलवार को कस्बा में आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में जाकर खुद टीका लगवाया था।
मिमी चक्रवर्ती को वहां जागरूकता फैलाने के लिए आमंत्रित किया गया था। मिमी ने उस शिविर में जाते ही टीके की पहली खुराक ली थी। लेकिन मिमी को तब शक हुआ जब वैक्सीन लेने के बाद कोई सर्टिफिकेट नहीं आया। जांच के बाद पता चला कि उस शिविर में जिस किसी को भी टीका लगाया गया था उसके पास प्रमाण पत्र नहीं था। इसके बाद मिमी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि देबंजन देब नाम के शख्स ने फर्जी आईएएस अफसर और कलकत्ता कॉरपोरेशन के ज्वाइंट कमिश्नर की आड़ में टीकाकरण अभियान चलाया था। पुलिस ने घटना में शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ओर कल कहा गया था कि टीका कोरोना का वैक्सीन नहीं था, बल्कि वह एंटीवायोटिक था। इस खबर के बाद हर तरह चर्चा है।

क्रिकेटर रिद्धिमान साहा के परिजनों ने अनाथ बच्चों की मदद की

सिलीगुड़ी के भूमिपुत्र व सफल क्रिकेटर रिद्धिमान साहा के परिजनों ने एक गरीब परिवार के चार अनाथ छात्रों की शिक्षा के लिए पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच के माध्यम से घोषपुकुर अंबारी हाईस्कूल को 10,000 रुपये का दान दिया। छात्रों के माता-पिता दोनों की बीमारी के कारण निधन हो गया है। फिलहाल उनके घर की सुध लेने वाला कोई नहीं है। चारों भाई-बहन किसी तरह से दिन गुजार रहे हैं। स्कूल के माध्यम से खबर मिलने के बाद साइंस फोरम के प्रतिनिधि उनकी मदद के लिए आगे आए। पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की दार्जिलिंग जिला समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ गोपाल डे ने कहा कि चार अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता के अलावा उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उनके ठहरने के लिए किसी विश्वसनीय अनाथालय या मिशन की तलाश की जा रही है। जब तक उन बच्चों की शिक्षा और आवास की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी, विज्ञान मंच के प्रतिनिधि उनकी देखभाल करेंगे। डॉ. डे ने किसी व्यक्ति या संगठन से इस संबंध में आगे आने की अपील की है। आज के कार्यक्रम में अंबारी हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक आस्तिक मंडल, रिद्धिमान साहा के चाचा सुशांत रॉय, घोषपुकुर विज्ञान परिषद के अध्यक्ष अचिंत्य कुमार रॉय, सह सचिव दिव्येंदु राय, दार्जिलिंग जिला समिति के सचिव देवर्षि भट्टाचार्य आदि मौजूद थे।