क्रिकेटर रिद्धिमान साहा के परिजनों ने अनाथ बच्चों की मदद की
सिलीगुड़ी के भूमिपुत्र व सफल क्रिकेटर रिद्धिमान साहा के परिजनों ने एक गरीब परिवार के चार अनाथ छात्रों की शिक्षा के लिए पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच के माध्यम से घोषपुकुर अंबारी हाईस्कूल को 10,000 रुपये का दान दिया। छात्रों के माता-पिता दोनों की बीमारी के कारण निधन हो गया है। फिलहाल उनके घर की सुध लेने वाला कोई नहीं है। चारों भाई-बहन किसी तरह से दिन गुजार रहे हैं। स्कूल के माध्यम से खबर मिलने के बाद साइंस फोरम के प्रतिनिधि उनकी मदद के लिए आगे आए। पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की दार्जिलिंग जिला समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ गोपाल डे ने कहा कि चार अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता के अलावा उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उनके ठहरने के लिए किसी विश्वसनीय अनाथालय या मिशन की तलाश की जा रही है। जब तक उन बच्चों की शिक्षा और आवास की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी, विज्ञान मंच के प्रतिनिधि उनकी देखभाल करेंगे। डॉ. डे ने किसी व्यक्ति या संगठन से इस संबंध में आगे आने की अपील की है। आज के कार्यक्रम में अंबारी हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक आस्तिक मंडल, रिद्धिमान साहा के चाचा सुशांत रॉय, घोषपुकुर विज्ञान परिषद के अध्यक्ष अचिंत्य कुमार रॉय, सह सचिव दिव्येंदु राय, दार्जिलिंग जिला समिति के सचिव देवर्षि भट्टाचार्य आदि मौजूद थे।

Leave a Reply