Trending News

बांग्ला फिल्म अभिनेत्री स्वातिलेखा सेनगुप्त का निधन

कोलकाता । बांग्ला फिल्म अभिनेत्री स्वातिलेखा सेनगुप्त का बुधवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रही थीं। बुधवार को करीब तीन बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
रूद्रप्रसाद सेनगुप्ता भी रंगमंच की जानी-मानी हस्ती हैं। बेटी सोहिनी भी अभिनय से जुड़ी हुई हैं। सोहिनी ने कहा-मेरी मां बेहतरीन इंसान और कलाकार थीं। उनके काम को हमेशा याद किया जाएगा। स्वातिलेखा फिल्मों के साथ-साथ रंगमंच की दुनिया में भी जाना-पहचाना नाम है। उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका था।

पूर्व पार्षद व माकपा नेता प्रीतिकाना विश्वास ने थामा टीएमसी का दामन

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न दलों के नेता लगातार टीएमसी में शामिल हो रहे हैं। पूर्व उप मेयर रामभजन महतो, एमआईसी कमल अग्रवाल के बाद अब 44 नंबर वार्ड की पूर्व पार्षद व माकपा नेता प्रीतिकाना विश्वास अपने समर्थकों के साथ आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गयीं। वहीं भारतीय जनता पार्टी की सिलीगुड़ी संगठन जिला कमेटी के सदस्य सौरभ प्रसन्नदेव भी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये। दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस कार्यालय विधान भवन में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम देव की मौजूदगी में इन्हें पार्टी में शामिल किया गया।
प्रीतिकाना विश्वास के साथ ही साथ 41 नंबर वार्ड के इलाके के रहने वाले व माकपा की डाबग्राम लोकल कमेटी के पूर्व सचिव उज्ज्वल दास, रतन साह, शिबू साहा, माधव पाल, विपुल सरकार, समीरन प्रसाद, दुलाल बर्मन व अन्य ने भी तृणमूल कांग्रेस का झंडा थामा।

भड़काउ भाषण मामले में मिथुन चक्रवर्ती से पूछताछ

कोलकाता। बॉलिवुड ऐक्टर और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती से भड़काऊ भाषण मामले में कोलकाता पुलिस पूछताछ कर रही है। मिथुन चक्रवर्ती पर पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान विवादास्पद बयान देने का आरोप है। महज संयोग ही कहें आज अभिनेता का जन्मदिन भी है।
कोलकाता पुलिस मिथुन से वर्चुअली पूछताछ कर रही है। मानिकतला में उनके भाषण को लेकर एक एफआईआर दर्ज की गई थी। इसे खारिज करने के लिए मिथुन ने हाई कोर्ट का रुख किया था लेकिन कोर्ट ने उन्हें सहयोग करने को कहा। हालांकि कोविड की वजह से पुलिस के सामने फिजिकली पेश होने से राहत दी थी।
मानिकतला में चुनाव प्रचार के दौरान मिथुन ने अपनी फिल्म के डायलॉग इस्तेमाल किए थे जिसे प्रकृति में उत्तेजक बताया गया। तृणमूल कांग्रेस ने भी उनके बयान पर आपत्ति जताई थी। मिथुन चक्रवर्ती बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। बताते चले कि विधानसभा चुनाव के समय मिथुन चक्रवर्ती बीजेपी में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने धुंआधार चुनाव प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने मंच से जनता को संबोधित भी किये और फिल्मी डायलाॅग के जरिये जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश किये थे।

उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुई दंगे मामले में छात्र कार्यकर्ताओं को मिली जमानत

दिल्ली हाईकोर्ट ने उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुई दंगे मामले में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में छात्र कार्यकर्ताओं नताशा नरवाल, देवांगना कलीता और आसिफ इकबाल तन्हा को जमानत दे दी है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल और जस्टिस एजे भंभानी की पीठ ने जमानत देते हए कहा, ‘हम यह कहने के लिए बाध्य हैं कि असहमति की आवाज को दबाने की जल्दबाजी में सरकार ने विरोध के संवैधानिक अधिकार और आतंकवादी गतिविधियों के अंतर को खत्म-सा कर दिया है। अगर यह मानसिकता जोर पकड़ती है तो यह लोकतंत्र के लिए दुखद दिन होगा।
जेएनयू छात्राओं नताशा नरवाल और देवांगना कलीता और जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्र आसिफ इकबाल तन्हा पर उत्तर पूर्वी दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए सांप्रदायिक हिंसा के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। तीनों को मई 2020 में यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया गया था।

मुकुल राय की नजर त्रिपुरा पर लगी!

भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष रहे मुकुल रॉय एक बार फिर से अपने पुराने दल यानी तृणमूल कांग्रेस में वापस आ गए हैं। अब इस बात की आशंका जाहिर की जा रही है कि जो लोग रॉय के साथ भाजपा में गए थे, क्या अब वह भी टीएमसी में लौटेंगे। बंगाल में तो टीएमसी का दावा है कि रॉय के करीबी 30 विधायक पार्टी में वापस आना चाहते हैं। वहीं बंगाल में हुए इस बदलाव का असर त्रिपुरा में देखने को मिल सकता है। रॉय के वफादर रहे त्रिपुरा के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ सुदीप रॉय भी टीएमसी नेता के साथ भाजपा में चले गए थे। अब जब रॉय वापस टीएमसी में आ गए हैं तो भाजपा इस बात को लेकर आशंकित है कि कहीं बर्मन भी अपने पुराने दल में ना चले जांए।
बंगाल के राजनीति गलियारों में चर्चा है कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब के साथ विवादों के चलते सुर्खियों में रहने वाले बर्मन अगर टीएमसी में वापस आए तो त्रिपुरा में सत्ताधारी भाजपा से कुछ विधायक भी उनका साथ दे सकते हैं। त्रिपुरा में एक प्रभावशाली राजनीतिक हस्ती माने जाने वाले बर्मन मुख्यमंत्री पद के लिए देब को चुनने के बाद से भाजपा से नाखुश बताए जाते हैं। वह कांग्रेस में रहते हुए विपक्ष के नेता थे और भाजपा में शामिल होने से पहले लगभग एक साल तक तृणमूल कांग्रेस के साथ रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि बर्मन तृणमूल कांग्रेस में लौटने की कोशिश कर सकते हैं। लेकिन अगर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इसकी मंजूरी नहीं दी तो वह अपना खुद का संगठन भी बना सकते हैं
इधर चर्चा है कि बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सोमवार को जब गवर्नर जगदीप धनखड़ से मिलने पहुंचे तो उनके साथ 74 में से सिर्फ 50 विधायक ही राजभवन पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम के बाद से बंगाल भाजपा में बगावत को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
बैठक में भाजपा के 74 में से 24 विधायक सुवेंदु अधिकारी के साथ नहीं आए। इस बात को लेकर अब राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ये वाकया ऐसे वक्त में हुआ है, जब तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए तमाम नेता अब टीएमसी में फिर से वापसी की ओर हैं।

 

सांसद डाॅक्टर जयंत राय घायल बीजेपी नेता को देखने नर्सिंग होम पहुंचे

जलपाईगुड़ी के सांसद डाॅक्टर जयंत राय सोमवार को बीजेपी के घायल नेता व कार्यकर्ता को देखने के लिए सेवक रोड के आनंदलोक नर्सिंग होम में पहुंचे। वहां डाॅक्टरों मिलकर उन्होंने पूरी स्थिति की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत करते हुए डाॅक्टर जयंत राय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता की हालत स्थिर बनी हुई है। यहां इलाज सही तरीके से चल रहा है। सीने में रक्त जमा होने की शिकायत है। बताते चले कि आमबाड़ी इलाके में तीन दिन पहले सांसद जयंत राय समेत बीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर टीएमसी के लोगों द्वारा हमला किया गया था। इसमें डाॅक्टर जयंत राय भी घायल हुए थे। उनका इलाज मेडिकल काॅलेज में किया गया था। हमले में एक बीजेपी कार्यकर्ता को काफी गंभीर चोट आयी थी, जिससे उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। अपने साथ घायल हुए कार्यकर्ता को देखने के लिए वे आज यहां आये थे तथा चिकित्सा संबंधी विषयों की जानकारी ली है।

निगम प्रशासन ने हाॅकर्स कार्नर क्षेत्र की अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलवाया

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से सिलीगुड़ी- जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण यानी एसजेडीए की जमीन पर बने हाॅकर्स कार्नर इलाके में अवैध कब्जे को लेकर रविवार को जोरदार अभियान चलाया गया। नगर निगम प्रशासन ने यहां के अवैध निर्माण को बुलडोजर के जरिये तोड़ दिया। एसएमसी प्रशासनिक बोर्ड के सदस्य रंजन सरकार व निगम के अन्य अधिकारी इस दौरान मौके पर मौजूद रहे। श्री सरकार ने कहा कि एसजेडीए की जमीन पर गैर कानूनी तरीके से दुकान बना लिए गये थे। ंकाफी समय से इसे हटा लेने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन इस बारे में संबंधित दुकानदारों की ओर से कोई कदम नहीं उठाया । ऐसे में आज अवैध दुकानों को तोड़ दिया गया। किसी भी हालत में अवैध कब्जे को स्वीकार नहीं किया जायेगा।

कमल की पंखुड़ियों को बिखेरने में जुटे मुकुल!

कोलकाता। राजनीति में कब क्या हो जाये कहा नहीं जा सकता। कल तक भाजपा के आंखों का तारा मुकुल राय आज तृणमूल कांग्रेस में हैं। उनकी घर वापसी शानदार रही। मुकुल राय के तृणमूल में जाने के बाद से भाजपा में कहासूनी भी शुरू हो गयी है। भाजपा के कुछ नेता अब कह रहे हैं कि उन्हें पहले से ही पता था कि मुकुल राय भाजपा ने टिक नहीं पायेंगे। इसमें कोई शक नहीं है कि मुकुल राय एक अच्छे रणनीतिकार व राजनीति के मजे खिलाड़ी हैं। लोकसभा चुनाव में उन्होेंने भाजपा के लिए काम करके यह साबित भी किया। बंगाल में भाजपा ने 18 सीट जीतकर चैका दिया था। अब खबर यह है कि तृणमूल कांगे्रस में आते ही मुकुल राय अपना जौहर दिखाने लगे हैं। कहा जा रहा है कि भाजपा के 9 विधायकों और एक सांसद को फोन कर उनसे तृणमूल में शामिल होने के लिए कहा गया है। तृणमूल पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा के 3 विधायक और एक सांसद तृणमूल के संपर्क में हैं, ये कभी भी तृणमूल में शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को बनगांव में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में भाजपा की सांगठनिक बैठक थी। इस बैठक में 3 भाजपा विधायकों को पहुंचना था जो नहीं पहुंचे थे। भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर बैठक में नहीं आये थे। उनके अलावा गाइघाटा के विधायक सुब्रत ठाकुर, बागदा के विधायक विश्वजीत दास और बनगांव उत्तर के विधायक अशोक कीर्तनिया भी बैठक में नहीं आये थे।
विधायक विश्वजीत दास और भाजपा नेता सुनील सिंह के पार्टी से अलग सुर भी कई सवाल खड़े कर रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि कई नेता मौका देखकर भाजपा में आये थे। अब जबकि कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने का समय है तो ऐसे ही अवसरवादी नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। हालांकि जो सच में लोगों की सेवा के लिए आये थे, वे भाजपा में हैं और आगे भी रहेंगे। तूफान आने पर घास, पत्ते भी भगवान की मूर्ति के माथे पर आ जाते हैं, लेकिन तूफान थमने के बाद उन्हें हटा दिया जाता है। जो खुद को घास, पत्ता समझते हैं वे तृणमूल में जाएंगे।

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब नहीं लगाने होंगे आरटीओ कार्यालय के चक्कर!

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब किसी रिजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस में ड्राइविंग टेस्ट देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोड ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नए रूल को नोटिफाइ कर दिया है। इसके अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। यहां से ट्रेनिंग पूरी करने व एक टेस्ट पास करने के बाद आपको ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा। इस स्थिति में आपको किसी आरटीओ में जाकर ड्राइविंग टेस्ट की जरूरत नहीं होगी।
खास बात यह है कि ड्राइविंग लाइसेंस ट्रेनिंग और उससे टेस्ट से जुड़ी पूरी प्रक्रिया पूरी तह से इलेक्ट्रॉनिकली रिकॉर्ड की जाएगी। मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया तकनीक से संचालित और इसमें किसी तरह से अन्य व्यक्ति की जरूरत नहीं होगी। इसका मतलब है कि अब ना तो आपको लाइसेंस से पहले टेस्ट के लिए अपनी बाइक या कार लेकर जाना होगा। और ना ही मामूली चूक होने पर टेस्ट लेने वाले अधिकारियों की मिन्नत करनी होगी।

रोटरी आहार सेवा की ओर से जरुरतमंदों को आहार

रोटरी क्लब सिलीगुड़ी मिडटाउन द्वारा संचालित रोटरी आहार सेवा की ओर से आज सिलीगुड़ी के गांधी मैदान एवं रेड लाइट एरिया में तकरीबन 350 जरुरतमंदों को आहार एवं बच्चों में बिस्कुट प्रदान किया गया। आज के सेवामूलक कार्य के सहयोगी सिलीगुड़ी मर्चेंट एसोसिएशन थी। मर्चेंट एसोसिएशन के प्रसिडेंट करण सिंह जैन के अलावा अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। सिलिगुड़ी नगरपालिका के एडमिनिस्ट्रेटर सदस्य श्री रंजन सरकार एवं श्री विवेक बेद भी उपस्थित थे। रोटरी आहार सेवा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन इस तरह के आहार प्रदान करती आ रही है । गत वर्ष 2020 के अक्टूबर माह में इस तरह के कार्यक्रम की शुरुआत कलब प्रेसिडेंट प्रवीण अग्रवाल के द्वारा की गई थी, जो १५ मई तक २१००० जरुरतमंद लोगों तक मुफ्त आहार का मुहैया कराया जा चुका है। प्रेसिडेंट प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि आहार सेवा में अब धीरे धीरे अन्य सामाजिक संस्थान भी जुडते जा रहें है। तेरापंथ महिला विंग, सिलीगुड़ी सड़क परिवहन पुलिस लाइन के अलावा अन्य संस्था भी अब हमारे साथ जुडते जा रहे है, जिससे हमारे हौसले और भी बढ़ रहें हैं।