20 जुलाई को माध्यमिक व 25 को उच्च माध्यमिक का रिजल्ट
कोलकाता । 20 जुलाई को माध्यमिक व 25 को उच्च माध्यमिक का रिजल्ट आ सकता है। शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सीबीएसई बोर्ड की तरह जुलाई में ही रिजल्ट निकाला जाएगा। अधिकारी के मुताबिक पहले ही कोरोना व लॉकडाउन के कारण काफी देर हो चुकी है। इस बारे अधिकारी ने बताया कि 20 जुलाई को माध्यमिक का परिणाम आ जाएगा। वहीं उच्च माध्यमिक पार्षद की ओर से कहा गया है 25 से 30 के अंदर रिजल्ट निकाल दिया जाएगा।
छात्रों के माध्यमिक परीक्षा में मूल्यांकन में अगर गड़बड़ी हुई तो माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सख्त कार्रवाई करेगा। इसमें स्कूल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। शनिवार को वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन की ओर से कहा गया है कि छात्रों को नम्बर देने में अगर कोई गड़बड़ी पायी गयी तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना के कारण इस बार माध्यमिक व उच्चमाध्यमिक की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया था। इसके बदले स्कूलों से उनका मूल्यांकन करने को कहा गया है। अब बोर्ड को ऐसा लगा है कि कुछ स्कूल इसमें छात्रों के मार्क्स बढ़ा सकते हैं, इसलिए बोर्ड की ओर से पहले ही चेतावनी दे दी गयी है। यहां बताते चलें कि दोनों बोर्ड ने शुक्रवार को मूल्यांकन मापदंड की घोषणा करते हुए कहा कि 2021 के लिए 10 वीं कक्षा के नतीजे में 50 – 50 फार्मूला का पालन होगा। इसके तहत छात्र की नौवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा और 10 वीं में आंतरिक मूल्यांकन को ध्यान में रखा जाएगा। वर्ष 2019 माध्यमिक (कक्षा दसवीं) परीक्षा में 7 विषयों में से 4 विषयों के सबसे ज्यादा अंक को भारांक मानने के साथ छात्र के 11 वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के अंक को ध्यान में रखा जाएगा। इस भारांक के साथ 12 वीं कक्षा के प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल में मिले कुल अंक को जोड़ा जाएगा। मूल्यांकन 40-60 के अनुपात (2019 के माध्यमिक के परिणाम के साथ चार विषयों के सबसे ज्यादा अंक और 11 वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के अंक) में होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि विज्ञान, कला विषयों के छात्रों के कक्षा 12 वीं में प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट के अंक को मूल्यांकन में जोड़ा जाएगा। साथ में यह भी कहा गया है कि अगर इस पद्धति पर अगर सभी राजी नहीं हुए तो बाद में परीक्षा ली जा सकती है।

Leave a Reply